ग्रेटर नोएडा
छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव को बोरी में भरकर सुनसान स्थान पर फेंकने के आरोपित युवक को पुलिस ने घटना के करीब 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम आरोपित को वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कराने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची की हत्या के बाद शव को बोरी में रखकर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई थी। घटना की जांच के दौरान पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली। फुटेज में संदिग्ध युवक बच्ची के शव को बोरी में ले जाते हुए नजर आया। इसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर तलाश शुरू की और उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस टीम आरोपित को लेकर गई थी। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान उसने छिपाकर रखी पिस्टल निकालकर टीम पर गोली चला दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपित को गोली लगी।
घायल आरोपित को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ की घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, छह साल की बच्ची के साथ हुई इस जघन्य वारदात से इलाके में आक्रोश का माहौल था। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







