महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
सदर क्षेत्र के कटहरा से कबिलासपुर होते हुए बागापार टोला विशुनपुरवा जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को सामने आया। सड़क मरम्मत और जलनिकासी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। कटहरा टोला आजादनगर में सड़क की हालत सबसे ज्यादा खराब है, जहां बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग तथा दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक हर दिन परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि विशुनपुरवा गांव के पास सड़क पर जलजमाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। सड़क पर पानी भरा रहने के कारण लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो जाते हैं तथा दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है। जिलाधिकारी से सड़क का तत्काल निरीक्षण कराकर क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत, गड्ढों को भरवाने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो धरना – प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर मिथिलेश सिंह, रामहरख साहनी, अर्जुन मौर्य, गिरिजेश शर्मा, नरेंद्र गौंड, ज्ञानप्रकाश राय, ऐनुद्दीन, नागमणि कुमार, धर्मेंद्र भारती, अरविंद पटेल, मुख्तार अली, रामसरन आदि मौजूद रहे।
———–







