महाराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे चिकित्सकों एवं नर्सिंग अधिकारियों को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सम्मानित किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महाराजगंज ने की, जिसमें उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण गुप्ता को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार एवं उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बैठक में उनके नेतृत्व में सीएचसी लक्ष्मीपुर द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
इसके अलावा डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ. आर.बी. राम, डॉ. कविता, डॉ. शिवम यादव एवं नफीसा खातून को भी मरीजों के प्रति समर्पित सेवाओं एवं उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से आए चिकित्सक, स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सम्मान समारोह के दौरान सभागार में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा तथा उपस्थित लोगों ने सम्मानित स्वास्थ्यकर्मियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से निष्ठा, संवेदनशीलता एवं समर्पण भाव के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।







