प्रयागराज
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। करीब 47 मिनट के संवाद में उन्होंने शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था ने युवाओं को ऐसे चक्रव्यूह में फंसा दिया है, जहां महंगी शिक्षा हासिल करने के बाद भी रोजगार की कोई गारंटी नहीं है।
उन्होंने कहा कि परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई पर लाखों रुपये खर्च कर उन्हें बीए-एमए जैसी डिग्री दिलाते हैं, लेकिन डिग्री रोजगार की गारंटी नहीं बन पा रही है। राहुल गांधी ने दावा किया कि हर एक हजार युवाओं में करीब 12 युवाओं को ही स्थायी नौकरी मिल पा रही है।
राहुल गांधी ने युवाओं की स्थिति समझाने के लिए तीन तस्वीरों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि रोजगार के पांच प्रमुख रास्ते—मैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप, सरकारी नौकरी, सार्वजनिक क्षेत्र और कॉरपोरेट क्षेत्र—युवाओं के लिए मुश्किल होते जा रहे हैं। उन्होंने नोटबंदी और जीएसटी को मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र पर असर डालने वाला बताया।
राहुल गांधी ने कहा कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल से कॉरपोरेट क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने उद्योगपति अडाणी की संपत्ति और भाजपा की संपत्ति बढ़ने का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में प्रदेश के 23 जिलों से छात्र पहुंचे और उन्होंने राहुल गांधी से विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया।







