झांसी
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को छात्राओं को आत्मविश्वास और साहस के साथ चुनौतियों का सामना करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि लड़कियों को किसी भी तरह के दबाव या डर के आगे झुकना नहीं चाहिए। यदि कोई उन्हें परेशान करे तो घबराने के बजाय उसका डटकर सामना करें।
राज्यपाल ने छात्राओं से कहा कि वे झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की तरह साहसी बनें और कभी हिम्मत न हारें। उन्होंने कहा, “कोई परेशान करने आए तो ठोक दो। घबराना मत, पीछे मत हटना।” उन्होंने छात्राओं से अपने भीतर इतनी ताकत विकसित करने का आह्वान किया कि वे हर चुनौती का मजबूती से सामना कर सकें।
आनंदीबेन पटेल ने अभिभावकों से भी बेटियों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि बेटी से कोई गलती हो जाए तो माता-पिता को उसे माफ कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर बेटियों और उनके बच्चों को भी घर में जगह दें, ताकि वे मुश्किल परिस्थितियों में अकेली न पड़ें।
राज्यपाल ने कहा कि परिवार का सहयोग बेटियों को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ आत्मविश्वास, साहस और आत्मरक्षा की भावना विकसित करने की सलाह दी।







