लखनऊ
राजधानी में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 इन्फ्लूएंजा का संक्रमण लगातार पैर पसार रहा है। गुरुवार को नौ नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें पांच पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। नए मामलों के साथ जिले में स्वाइन फ्लू के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है।
नए संक्रमितों में दो मरीजों की हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सात मरीजों का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में घर पर चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमितों में बुखार, खांसी, जुकाम और गले में खराश जैसे लक्षण प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं।
विभाग ने लोगों को बदलते मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार बुखार, खांसी या जुकाम जैसे लक्षण बने रहने पर इसे सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज न करें। चिकित्सकीय परामर्श के बाद RT-PCR जांच कराना संक्रमण की पुष्टि के लिए जरूरी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने, मास्क लगाने और हाथों की नियमित सफाई करने की सलाह दी है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि लक्षण दिखाई देने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचें।







