Home / Uncategorized / विकसित भारत युवा संसद का भव्य शुभारंभ, युवाओं को भविष्य निर्माण का संदेश

विकसित भारत युवा संसद का भव्य शुभारंभ, युवाओं को भविष्य निर्माण का संदेश

 

लखनऊ 

उत्तर प्रदेश विधानसभा मंडप में राज्य स्तरीय “विकसित भारत युवा संसद” का भव्य शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश यादव, विधायक डॉ. सुरभि, नीरज बोरा एवं शशांक वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि भारत का संविधान सभी के लिए मार्गदर्शक है और “विकसित भारत युवा संसद” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही भविष्य में देश की दिशा और दशा तय करेंगे, इसलिए उन्हें अभी से गंभीरता के साथ भविष्य की योजना बनानी चाहिए।

महाना ने सरकारों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए विकास के रास्ते तैयार करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना आवश्यक है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका उपयोग सकारात्मक कार्यों के लिए होना चाहिए, अन्यथा यह नुकसानदायक भी साबित हो सकता है।

युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि ज्ञान तभी सार्थक है, जब वह समाज तक पहुंचे। जीवन में प्रतिबद्धता और इच्छाशक्ति सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे जीतने के उद्देश्य से कार्य करें, न कि किसी को हराने के लिए, और अपनी सफलता पर अहंकार से बचें।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि उनमें अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने सफलता के लिए जोखिम उठाने, विनम्रता बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान “माय भारत” से जुड़े अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया। क्षेत्रीय निदेशक अनिल सिंह और राज्य निदेशक गोपेश पांडे ने अतिथियों का स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि इस राज्य स्तरीय युवा संसद में प्रदेश के 75 जनपदों से चयनित 375 युवा प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। यह आयोजन 1 से 3 मई 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभागी ‘केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर भारतीय युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम के अंत में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि भारत पुनः विश्व का मार्गदर्शक राष्ट्र बनेगा और इसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल