Home / शिक्षा / विद्यार्थियों ने करीब से समझी विधानसभा की कार्यप्रणाली और संसदीय परंपराएं

विद्यार्थियों ने करीब से समझी विधानसभा की कार्यप्रणाली और संसदीय परंपराएं

 

लखनऊ

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संसदीय कार्यप्रणाली की जानकारी युवाओं के लिए बेहद जरूरी है। आज के विद्यार्थी ही कल देश और प्रदेश के लोकतांत्रिक भविष्य को दिशा देंगे। विधान भवन का भ्रमण विद्यार्थियों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

सोमवार को उत्तर प्रदेश विधान भवन में पारितोष ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, कानपुर और गौरव मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल, कानपुर के छात्र-छात्राओं के दल ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विधानसभा की भूमिका, सदन की कार्यवाही, विधायी प्रक्रिया और संसदीय परंपराओं की विस्तार से जानकारी दी।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक मंच है। सदन में होने वाली चर्चाओं और विधायी कार्यवाही का प्रदेश के विकास तथा आमजन के जीवन पर सीधा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय संस्थाओं के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली और सदन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। अध्यक्ष ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विधायी प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति युवाओं की रुचि सकारात्मक संकेत है।

इसके बाद विद्यार्थियों ने विधान भवन का भ्रमण किया। उन्होंने सदन, दर्शक दीर्घा समेत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया और विधान भवन के इतिहास एवं संसदीय परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।इस अवसर पर दोनों संस्थानों के शिक्षक, अधिकारी एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल