लखनऊ
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि दोनों के बीच सनातन धर्म पर आए संकट और उसे अधर्मियों के चंगुल से मुक्त कराने के विषय पर सार्थक चर्चा हुई।
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “आज प्रातःकाल पूज्य शंकराचार्य जी के दर्शन एवं आशीर्वाद का सौभाग्य मिला। सनातन पर आए संकट को दूर करने और अधर्मियों के चंगुल से धर्म को मुक्ति दिलाने के लिए सार्थक वार्ता हुई।”
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब अखिलेश यादव लगातार अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा और दान चोरी के मुद्दे को उठाते हुए भाजपा पर हमलावर हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा, चंदा और दान चोरी की खबर पूरी दुनिया में फैल चुकी है, जिससे देश-विदेश के सनातनी आहत और आक्रोशित हैं। उनका आरोप है कि इस मामले से न केवल धर्म बल्कि देश की भी बदनामी हुई है और इसके लिए भाजपा तथा उसके सहयोगी जिम्मेदार हैं।







