कोल्हुई महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
थाना क्षेत्र के रायपुर पंडित गांव के बाहर बुधवार दोपहर नहर में करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान अमरजीत पुत्र बैजनाथ निवासी घोसीपुरवा, थाना शाहपुर, गोरखपुर के रूप में की।
पुलिस के अनुसार अमरजीत की ससुराल रायपुर पंडित गांव में है। मृतक की पत्नी सोनी हरिजन ने बताया कि उसका पति शराब का आदी था और नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर वह करीब एक माह पूर्व मायके चली आई थी।
पत्नी के मुताबिक 18 अगस्त की रात करीब आठ बजे अमरजीत शराब के नशे में रायपुर पंडित स्थित उसके मायके पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। परिवार और ग्रामीणों के समझाने पर वह वहां से चला गया था। बुधवार को उसका शव गांव के बाहर नहर में मिला।
थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







