Home / अपराध / शिवकुमार हत्याकांड का खौफनाक वीडियो वायरल, तलवार से किशोर ने किए ताबड़तोड़ वार

शिवकुमार हत्याकांड का खौफनाक वीडियो वायरल, तलवार से किशोर ने किए ताबड़तोड़ वार

 

गोरखपुर

सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द में हुए शिवकुमार हत्याकांड का कथित वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद वारदात की भयावह तस्वीर सामने आई है। इसमें एक किशोर तलवार से शिवकुमार पर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। शिवकुमार जान बचाने के लिए हमलावर से रहम की गुहार लगाते नजर आते हैं, लेकिन आरोपी हमला करता रहता है।

वायरल वीडियो में शिवकुमार ई-रिक्शे से उतरकर भागने का प्रयास करते दिख रहे हैं। इसी दौरान तलवार लेकर पहुंचे किशोर ने उन पर हमला कर दिया। हाथ, सिर और पेट पर वार किए जाने के बाद भी शिवकुमार बचने के लिए आगे बढ़ते रहे, लेकिन आरोपी उनका पीछा करता रहा। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद शिवकुमार सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद भी उन पर कई वार किए जाने का दृश्य वीडियो में दिखाई देता है।

घटना के दौरान कुछ लोग आरोपी को रोकने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। एक व्यक्ति उससे शिवकुमार को छोड़ने की गुहार लगाता दिखाई देता है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति घटना का वीडियो बना रहा था। आरोप है कि आरोपी ने वीडियो बना रहे व्यक्ति पर भी तलवार तान दी, जिसके बाद वह वहां से हट गया।

वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना को लेकर चिंता जताई है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और उसके आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल