Home / राजनीत / सोशल मीडिया पर नकारात्मक टिप्पणियों से विचलित न हों जनप्रतिनिधि : सतीश महाना

सोशल मीडिया पर नकारात्मक टिप्पणियों से विचलित न हों जनप्रतिनिधि : सतीश महाना

लखनऊ

साइबर सुरक्षा कार्यशाला में विधायकों को डिजिटल ठगी से बचाव और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के दिए टिप्

लखनऊ, 20 अगस्त उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्यों को साइबर अपराध, डिजिटल ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े जोखिमों के प्रति जागरूक करने के लिए होटल सेन्ट्रम में आयोजित ‘साइबर सुरक्षा : ए डिजिटल सिक्योरिटी ब्रीफिंग फॉर लेजिस्लेटर्स’ कार्यशाला के दूसरे दिन साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने जनप्रतिनिधियों से सोशल मीडिया के इस्तेमाल में संयम, सतर्कता और धैर्य बरतने की अपील की।

सतीश महाना ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में व्यक्ति को अपने मूल स्वभाव और सिद्धांतों से समझौता नहीं करना चाहिए। सोशल मीडिया पर आने वाली प्रतिक्रियाओं से प्रभावित होने के बजाय जनप्रतिनिधियों को अपने दायित्वों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दो-चार नकारात्मक टिप्पणियों से निराश होने की जरूरत नहीं है। कई बार लोग उकसाने का प्रयास करते हैं, ऐसे में जनप्रतिनिधियों को संयम बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता से लगातार संवाद, क्षेत्र में सक्रियता, सकारात्मक व्यवहार और अपने कार्यों के प्रति ईमानदार प्रतिबद्धता जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी ताकत है। सोशल मीडिया का इस्तेमाल केवल प्रचार के लिए नहीं, बल्कि जनता से संवाद स्थापित करने और अपनी बात प्रभावी तरीके से रखने के लिए भी किया जाना चाहिए।

कार्यशाला में साइबर विशेषज्ञ अमित दुबे ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, डिजिटल पहचान की सुरक्षा और व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विधायकों को जानकारी दी। सदस्यों ने सोशल मीडिया और साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने विस्तार से जवाब दिया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव सहित कई विधायक मौजूद रहे। शलभ मणि त्रिपाठी, अभय सिंह, रमेश जायसवाल और सुचिस्मिता मौर्या ने भी अपने विचार रखे।

विधायकों के लिए बनेगी साइबर सुरक्षा एसओपी

कार्यशाला के दौरान साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग के लिए एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) तैयार करने का निर्णय लिया गया। यह एसओपी सभी विधायकों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें साइबर अपराध से बचाव, डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित इस्तेमाल और सोशल मीडिया पर बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की व्यावहारिक जानकारी शामिल होगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल