बरेली
होमगार्ड भर्ती के लिए मुरादाबाद में आयोजित दौड़ में शामिल होने गए बरेली के एक युवक की दौड़ते समय तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक के परिवार में घटना के बाद से कोहराम मचा है। पत्नी ने बताया कि उनके पति B.Tech और B.Ed के साथ CTET व UPTET भी पास थे। वह कोचिंग चलाकर घर चला रहे थे, लेकिन उनका सपना सरकारी नौकरी करने का था।
परिजनों के मुताबिक, युवक ने 17 सितंबर को अपना जन्मदिन परिवार के साथ मनाया था। इसके बाद वह होमगार्ड भर्ती की शारीरिक परीक्षा में शामिल होने के लिए मुरादाबाद चले गए। भर्ती की दौड़ के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पत्नी ने बताया कि पति पढ़े-लिखे थे और कोचिंग के जरिए मामूली आय हो रही थी। इसके बाद वह सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए लगातार तैयारी कर रहे थे। होमगार्ड भर्ती की दौड़ उनके इसी प्रयास का हिस्सा थी। पत्नी को अगले दिन पति की मौत की जानकारी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का कहना है कि सरकारी नौकरी की चाह में निकले युवक के लिए भर्ती परीक्षा का सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।





