गोरखपुर
बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। 16 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित गांव में हुई।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और पुत्र रेयांश गुप्ता के रूप में हुई है। वारदात के समय आरोपी के माता-पिता घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। तड़के करीब तीन बजे चीख सुनकर पिता बड़े बेटे के कमरे की ओर पहुंचे, जहां तीनों के शव पड़े थे। इसी दौरान उन्होंने छोटे बेटे को खून से सने हथियार के साथ कमरे से बाहर निकलते देखा।
घटना से घबराए पिता आरोपी को रोक नहीं सके। कुछ देर बाद उन्होंने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी किशोर को घर की ऊपरी मंजिल के कमरे से हिरासत में लिया। वह वहां खून से सना गड़ासा लेकर बैठा मिला।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि शुरुआती जांच में पारिवारिक दुकान को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।





