बक्सर से शार्पदृष्टि की रिपोर्ट
भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी पर शनिवार को कथित तौर पर हमला हुआ है। इस घटना का दावा खुद मनोज तिवारी ने किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल के समर्थकों ने उनके रोड शो के दौरान यह हमला किया।
मनोज तिवारी ने बताया कि डुमरांव में आयोजित रोड शो के दौरान कुछ राजद समर्थकों ने अचानक उनके कार्यक्रम में घुसपैठ की और नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा, “पहले हमें हूट किया गया, फिर किसी ने हमारी गाड़ी पर राजद का झंडा लगाने की कोशिश की। जब हमने इसका विरोध किया तो उन्होंने हमें कुचलने की कोशिश की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।”
भाजपा सांसद ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया और कहा कि यह घटना राजद की राजनीतिक बौखलाहट का परिणाम है। हालांकि, घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठने लगा है कि यह हमला एक सुनियोजित साजिश थी या फिर सिर्फ एक आकस्मिक झड़प। आने वाले दिनों में जांच से स्थिति स्पष्ट हो सकती है।





