जयपुर से शार्पदृष्टि की रिपोर्ट
राजस्थान के फलौदी जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक यात्री बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, बस बीकानेर के धार्मिक स्थल कोलायत से दर्शन कर लौट रही थी और जोधपुर के सूरसागर की ओर जा रही थी। रास्ते में जयपुर से करीब 400 किलोमीटर दूर फलौदी के पास यह भीषण दुर्घटना हुई। हादसे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि प्राथमिक जांच में बताया जा रहा है कि बस चालक को सड़क किनारे खड़े ट्रेलर का अंदाज़ा नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।






