बरेली की रिपोर्ट
स्टांप एवं निबंधन विभाग कार्यालय में चार दिन बाद बुधवार को बैनामा पंजीकरण का काम शुरू हुआ, लेकिन नया सर्वर पहले ही दिन जवाब दे गया। सदर तहसील के उप निबंधक प्रथम व द्वितीय कार्यालय में दोपहर 2 बजे तक केवल तीन बैनामों का ही पंजीकरण हो सका। सर्वर न चलने के कारण बैनामा पत्र ऑनलाइन अपलोड नहीं हो पा रहे थे। सरवर की यह प्रॉब्लम पिछले 20 दिन से प्रदेश के लगभग सभी जिलों में दिक्कत कर रही है।
लंबे इंतजार के बाद बड़ी संख्या में क्रेता-विक्रेता मायूस होकर वापस लौट गए। वहीं दोपहर के समय भी बैनामा लेखक के काउंटर पर भीड़ लगी रही। गौरतलब है कि पुराने सर्वर का डाटा नए सर्वर पर स्थानांतरित करने के लिए 8 से 11 नवंबर तक पूरे प्रदेश में बैनामा पंजीकरण कार्य बंद रहा था। इस संबंध में महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा ने पूर्व में सभी सहायक महानिरीक्षकों को निर्देश जारी किए थे।



