लखनऊ
राजधानी लखनऊ में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो साढ़ुओं की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक को ठोकर मार दी, जिसके बाद बाइक डंपर में फंसकर करीब 2 किलोमीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद पुलिस ने पीछा कर डंपर को चालक समेत पकड़ लिया और वाहन को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे दरोगा खेड़ा स्थित कानपुर रोड और गहरु अंडरपास के बीच किसान पथ पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मोहनलालगंज के रानीखेड़ा स्थित हरिकंश गढ़ी निवासी रामसेवक यादव (50) और उनके साढ़ू, सीतापुर जिले के अटरिया थाना क्षेत्र के नकरहा गांव निवासी रामू यादव (45) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बाइक डंपर में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती रही। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डंपर का पीछा किया और चालक को हिरासत में ले लिया।




