कोल्हुई-महराजगंज
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, कोल्हुई बाजार के तत्वावधान में रविवार को व्यापारियों की समस्याओं को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीएसटी, खाद्य पदार्थों के सैंपलिंग अभियान तथा व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि युवा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी एवं प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने प्रशासनिक स्तर पर होने वाली समस्याओं और कथित उत्पीड़न का मुद्दा उठाया। व्यापारियों ने मांग की कि कोल्हुई बाजार में रेडी-पटरी लगाकर जीविकोपार्जन करने वाले छोटे दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
बैठक में मौजूद कोल्हुई थाना प्रभारी निरीक्षक कुंवर गौरव सिंह ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनके स्तर से किसी भी व्यापारी के हितों को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों की सुरक्षा और सहयोग का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कन्हैया अग्रवाल, योगेंद्र सिंह, प्रमोद जायसवाल तथा ग्राम प्रधान रामकेश प्रजापति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश रुंगटा ने की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रिंस जायसवाल, नदीम अहमद, कमलेश वर्मा, लल्लू वर्मा, जितेंद्र त्रिपाठी, चिंतामणि सहानी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में व्यापारिक हितों की रक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया गया।






