लक्ष्मीपुर से श्रीनरायन गुप्ता
विश्व धरोहर सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई गोरखपुर (उ० प्र० राज्य पुरातत्व विभाग लखनऊ) द्वारा महात्मा बुद्ध इंटरमीडिएट कॉलेज अड्डा बाजार में शुक्रवार को राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित धरोहरों/स्मारकों की छायाचित्र प्रदर्शनी निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं व्याख्यान का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन दयानंद सिंह प्रधानाचार्य महात्मा बुद्ध इंटरमीडिएट कॉलेज ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के उपरांत कॉलेज के समस्त छात्र छात्राओं ने उत्साहपूर्वक छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी का अवलोकन कराते हुए डॉ. कृष्ण मोहन दुबे, क्षेत्रीय पुरातत्त्व अधिकार, ने छात्रों को विश्व धरोहर सप्ताह के आयोजन, धरोहर का महत्व, धरोहर संरक्षण की आवश्यकता तथा भविष्य हेतु उपयोगिता पर वृहद व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम में निबंध लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम पांच विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार खुशी कक्षा 11, कल्याणी चतुर्वेदी कक्षा द्वादश को द्वितीय, कुंदन कक्षा दस को तृतीय, अनन्य चौधरी कक्षा दस एवं शालू कक्षा अष्टम को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
निबन्ध लेखन प्रतियोगिता के समस्त 200 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय पुरातत्त्व अधिकारी, डॉ. कृष्ण मोहन दुबे ने प्रधानाचार्य दयानंद सिंह को स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया तथा आयोजन में सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रधानाचार्य दयानंद सिंह ने क्षेत्रीय पुरातत्त्व इकाई तथा उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्त्व विभाग को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से छात्रों को धरोहर के प्रति जागरूकता तो बढ़ती ही है, प्रतियोगिता में प्रतिभागिता से उत्साह एवं प्रतियोगी मानसिकता का विकास भी होता है। इस अवसर पर क्षेत्रीय पुरातत्त्व इकाई गोरखपुर से दुर्गेश सिंह, प्रवीन कुमार, अतुल कुमार शुक्ल, किशन लाल आदि उपस्थित रहे।






