आजमगढ़/जौनपुर
प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज युवक ने बदले की भावना में अदालत और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी दे डाली। मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस ने आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र के बक्शपुर निवासी विशाल रंजन (पुत्र हीरालाल) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि यह किसी आतंकी संगठन की साजिश नहीं, बल्कि एकतरफा प्यार में सनके युवक की रची गई फर्जी योजना थी।
एटीएस के अनुसार 17 फरवरी 2026 को जौनपुर के जिला जज की सरकारी ई-मेल आईडी पर पांच अलग-अलग फर्जी ई-मेल से धमकी भेजी गई थी। आरोपी ने पेड वीपीएन और प्रॉक्सी सर्वर का इस्तेमाल कर प्रोटॉन मेल समेत कई फर्जी आईडी बनाई और मुख्यमंत्री से एक लाख रुपये की मांग भी की।
डिजिटल जांच में ई-मेल, मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया गतिविधियों और वीपीएन लॉग का विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंच बनाई गई। तलाशी में पांच मोबाइल, एक लैपटॉप, मेमोरी कार्ड, सिम और नकदी बरामद हुई। उपकरणों से जीमेल, आउटलुक और फेसबुक पर दर्जनों फर्जी अकाउंट मिले।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि प्रेमिका की शादी रुकवाने और उसके मंगेतर को फंसाने के लिए उसने यह साजिश रची। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।






