नई दिल्ली
इस्राइल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की है। पहले इस्राइल के रक्षा मंत्री और फिर रक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया कि हमले की शुरुआत इस्राइल ने की, जिसके बाद अमेरिकी वायुसेना भी शामिल हुई। हमले सुबह करीब 11.30 बजे शुरू हुए। इसके तुरंत बाद इस्राइल डिफेंस फोर्स ने बताया कि पूरे देश में सायरन बजाए गए और नागरिकों को सुरक्षित ठिकानों के पास रहने के निर्देश दिए गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलों का केंद्र तेहरान और उसके आसपास के इलाके रहे। ईरान रेवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के खुफिया निदेशालय, राष्ट्रपति आवास और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के कार्यालय के पास धमाकों की खबर है। इसके अलावा कॉम, इस्फहान, करमनशाह, कराज और लोरेस्तान में भी हमले हुए।
हमलों के बाद इस्राइल और ईरान—दोनों ने अपने-अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। ईरान ने अब तक कोई जवाबी मिसाइल हमला नहीं किया है, लेकिन कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरानी शासन से पैदा खतरे को खत्म करना अमेरिका का उद्देश्य है। उधर, अल-जजीरा और रॉयटर्स के अनुसार क्षेत्रीय देशों में अलर्ट जारी कर दिए गए हैं।






