बरेली
वार्ड 51 से भाजपा पार्षद महेश राजपूत पर उनकी पत्नी ने दहेज की मांग और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर इज्जतनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता पार्वती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी 26 जून 2023 को शाही क्षेत्र के गांव दुनकी निवासी महेश राजपूत से हुई थी। पार्वती देवी शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं।महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति का व्यवहार बदल गया और वह दहेज को लेकर दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर कई बार उनके साथ मारपीट की गई।
पीड़िता के अनुसार, 5 मार्च को तबीयत खराब होने के बावजूद पति ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। महिला का कहना है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी घटना रिकॉर्ड हुई है।
महिला ने बताया कि पहले भी मारपीट के बाद परिवार के लोगों के कहने पर समझौता कर लिया गया था, लेकिन लगातार हो रहे उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





