महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत एकमा टोला बटईडीहा में सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गांव में लगे हैंडपम्प में अचानक करंट उतर जाने से पानी भरने गई दो किशोरियां करंट की चपेट में आकर अचेत हो गईं। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामसेवक की पुत्री नेहा सोमवार सुबह घर के बाहर लगे हैंडपम्प पर पानी लेने गई थी। जैसे ही उसने हैंडपम्प पकड़ा, उसमें उतरे करंट की चपेट में आकर वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। उसी समय गांव की ही दूसरी किशोरी सितारून पुत्री जैनुल भी वहां पहुंची। वह कुछ समझ पाती उससे पहले ही पानी भरने के लिए हैंडपम्प पकड़ लिया और वह भी करंट की चपेट में आ गई। करंट लगने से वह भी अचेत होकर गिर पड़ी।
बताया जा रहा है कि नल में लगे मोटर में कुछ गड़बड़ी कारण घटना हई है। दोनों किशोरियों को गिरते देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत साहस दिखाते हुए किसी तरह दोनों को करंट के प्रभाव से दूर किया और आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया।
सीएचसी लक्ष्मीपुर के चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि करंट लगने से दोनों किशोरियां अचेत हो गई थीं। अस्पताल लाए जाने के बाद उनका इलाज किया गया, जिसके बाद दोनों को होश आ गया है। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।






