आगरा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा शनिवार को आयोजित सीयूईटी-यूजी परीक्षा तकनीकी खामियों के कारण अव्यवस्था का शिकार हो गई। सर्वर और सिस्टम में आई गड़बड़ी के चलते प्रश्नपत्र निर्धारित समय पर डाउनलोड नहीं हो सका, जिससे परीक्षार्थियों को करीब ढाई से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। सुबह 9 बजे शुरू होने वाली परीक्षा दोपहर करीब 12 बजे शुरू हो सकी।
परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को समय से पहले प्रवेश दे दिया गया था, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा प्रारंभ नहीं हो सकी। लंबे इंतजार और भीषण गर्मी के बीच छात्र परेशान रहे, जबकि केंद्रों के बाहर मौजूद अभिभावकों ने जानकारी के अभाव में नाराजगी जताई और प्रदर्शन किया। कुछ स्थानों पर परीक्षा रद्द होने की चर्चाओं ने भी भ्रम की स्थिति पैदा कर दी।
देरी का असर दूसरी पाली की परीक्षा पर भी पड़ा। हालांकि परीक्षा शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को निर्धारित समय के अनुसार पूरा समय दिया गया। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले शिक्षकों और अभिभावकों ने एनटीए की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी परीक्षा से पहले तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी अव्यवस्था से छात्रों का मनोबल प्रभावित होता है और उनकी मेहनत पर भी असर पड़ता है।



