गोरखपुर
शाहपुर थाना क्षेत्र के बशारतपुर स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के सामने शनिवार रात करीब नौ बजे थार और बोलेरो की मामूली टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क जमकर मारपीट और तोड़फोड़ होने लगी। व्यस्त मेडिकल रोड पर हुए हंगामे से लंबा जाम लग गया और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने देर रात दोनों पक्षों के चार युवकों को हिरासत में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहनों की हल्की टक्कर के बाद शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इस दौरान एक पक्ष ने थार के आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिए, जबकि दूसरे पक्ष ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बोलेरो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने एक पक्ष से भेड़ियागढ़ निवासी आदर्श कुमार उर्फ अंकित श्रीवास्तव और रितेश श्रीवास्तव तथा दूसरे पक्ष से रोहित कुमार सिंह और आशिफ को हिरासत में लेकर शाहपुर थाने में पूछताछ शुरू कर दी है।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ साक्ष्यों के अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, व्यस्त मेडिकल रोड पर हुई इस घटना ने यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





