महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
राजकीय हाईस्कूल बरवाराजा के प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद का देवरिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति होने पर शनिवार को विद्यालय परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। विदाई के दौरान विद्यालय का माहौल भावुक हो गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने कहा कि सुरेंद्र प्रसाद ने अपने कार्यकाल में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया। उनका सरल व्यवहार, अनुशासनप्रियता और कार्यशैली विद्यालय परिवार के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगी। पदोन्नति उनके लिए गौरव का विषय है, लेकिन उनका विद्यालय से जाना सभी के लिए भावुक क्षण है।
राजकीय हाईस्कूल जगपुर उर्फ सलामतगढ़ के प्रधानाचार्य सुभाष चंद, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राधेश्याम, दमयंती यादव और संदीप सिंह ने भी उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य रामजी राव ने किया। इस अवसर पर यशवंत विश्वकर्मा, उपेंद्र प्रताप सिंह, रामराज चौरसिया, रत्नेश कुमार, अविनाश कुमार, ऋतुशाल कन्नौजिया, लक्ष्मी प्रसाद, आदित्य गुप्ता, अजय गुप्ता समेत शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







