Home / प्रशासनिक / रक्षाबंधन मनाकर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, बाइक गागन नदी में गिरी; मां-बेटा लापता

रक्षाबंधन मनाकर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, बाइक गागन नदी में गिरी; मां-बेटा लापता

 

मुरादाबाद

रक्षाबंधन का पर्व मनाकर घर लौट रहा एक परिवार शुक्रवार शाम मंझोला थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया। मलकद्दा पुल से गुजरते समय पुल की लकड़ी टूटने से बाइक अनियंत्रित होकर गागन नदी में जा गिरी। हादसे में पति और दो बच्चों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि महिला और उसका छह वर्षीय बेटा तेज बहाव में बह गए। दोनों की तलाश में पुलिस और स्थानीय गोताखोर जुटे हैं।

छजलैट थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी अनिल मजदूरी करते हैं। शुक्रवार को वह पत्नी किरन और तीन बच्चों प्रियांशु (6), काफिया (3) और केशव (2) के साथ कुंदरकी थाना क्षेत्र के नानपुर गांव में रक्षाबंधन मनाने गए थे। शाम करीब साढ़े छह बजे पूरा परिवार बाइक से घर लौट रहा था।

बताया गया कि मंझोला क्षेत्र में गागन नदी पर बने मलकद्दा पुल से शॉर्टकट के रास्ते गुजरते समय अचानक पुल की लकड़ी टूट गई। बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पूरा परिवार नदी में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने अनिल, काफिया और केशव को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया।

वहीं किरन और प्रियांशु पानी के तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही मंझोला थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से मां-बेटे की तलाश शुरू करा दी है। घटना के बाद पुल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पत्नी और बेटे के लापता होने से अनिल का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल