महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
आजाद नगर स्थित आरके सनशाइन एकेडमी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नन्हे बच्चे कृष्ण और राधा के आकर्षक रूप में सजकर पहुंचे तो विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। फैंसी ड्रेस, मटका मेकिंग और मटका फोड़ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्ले-वे से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्ले-वे, एलकेजी और यूकेजी के बच्चे बाल कृष्ण की वेशभूषा में बेहद आकर्षक नजर आए, जबकि छात्राओं ने राधा के स्वरूप में मनमोहक प्रस्तुति दी। बच्चों की सजावट में अभिभावकों का भी विशेष सहयोग रहा।
प्रतियोगिताओं में इनका रहा दबदबा
नर्सरी से यूकेजी वर्ग की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में दर्श मिश्रा ने प्रथम, रुद्रांश ने द्वितीय और अरिष्फा खातून ने तृतीय स्थान हासिल किया। कक्षा तीन से पांच वर्ग में अदिति अग्रहरि प्रथम, सात्विक द्वितीय और शिवांश तृतीय रहे। मटका मेकिंग में आरुषि अग्रहरि ने पहला, अमृता पांडेय ने दूसरा और सृष्टि ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित मटका फोड़ प्रतियोगिता में उत्साह चरम पर रहा। विद्यार्थियों ने पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ी। दही और हल्दी की मस्ती के बीच विद्यालय परिसर जय कन्हैया लाल और मदन गोपाल के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रबंधक ई. विवेक कुमार गुप्ता ने कहा कि जन्माष्टमी सनातन धर्म का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक एवं सदर ब्लॉक प्रमुख सोनी कश्यप, सलीम अली, समसुद्दीन अली, नूर मोहम्मद, सचिन चौधरी, शिवम शर्मा, कृष्ण गोपाल उपाध्याय, सुचिंद्रम पटेल, रजनी उपाध्याय, सालेहा, सुनीता, विजेता, रितु, शशि और शिवांगी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं व विद्यार्थी मौजूद रहे।







