लखनऊ
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रमुख नेता आशुतोष रांका ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। दिल्ली से लखनऊ पहुंचे रांका सीधे सपा के प्रदेश मुख्यालय गए, जहां दोनों नेताओं के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई।
बताया जा रहा है कि बैठक में छात्र आंदोलनों, शिक्षा व्यवस्था, युवाओं से जुड़े मुद्दों और सामाजिक विषयों पर चर्चा हुई। हालांकि, मुलाकात में किन मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ और बातचीत का राजनीतिक निष्कर्ष क्या रहा, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। रांका और अखिलेश यादव की लंबी मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय माना जा रहा है।
कौन हैं आशुतोष रांका
आशुतोष रांका राजस्थान के जयपुर के रहने वाले युवा सामाजिक कार्यकर्ता बताए जाते हैं। उन्होंने आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) से उच्च शिक्षा हासिल की। लंदन में सलाहकार के रूप में काम करने के साथ उन्होंने कॉरपोरेट क्षेत्र में भी अनुभव प्राप्त किया।
भारत लौटने के बाद रांका सामाजिक, पर्यावरणीय और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय हुए। बाद में वह कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व रणनीतिकार के तौर पर पहचान बनाई।
2026 में NEET-UG पेपर लीक विवाद और छात्र आंदोलनों के दौरान भी रांका का नाम चर्चा में रहा। छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता और सरकार के साथ संवाद की भूमिका ने उन्हें युवाओं के बीच भी पहचान दिलाई।







