मुंबई
अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनोट ने योग गुरु बाबा रामदेव की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर जारी अपने जवाब में कंगना ने रामदेव को निजी जीवन और चरित्र पर टिप्पणी करने से बचने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि उनकी जवानी या बेडरूम को लेकर किसी तरह के सपने देखना उचित नहीं है।
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि बाबा रामदेव को उनकी जवानी और बेडरूम के बारे में ‘डे-ड्रीम’ नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अफवाहों और गॉसिप के आधार पर किसी व्यक्ति के बारे में धारणा बनाना ठीक नहीं है। कंगना ने अपने जवाब में रामदेव से जुड़े पुराने विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें चरित्र पर उपदेश देने से पहले तथ्यों को देखना चाहिए।
दरअसल, विवाद की शुरुआत कंगना के ‘जेनरेशन गटर’ वाले बयान से हुई थी। जेनरेशन जेड को लेकर कंगना की टिप्पणी पर बाबा रामदेव ने आपत्ति जताई थी। एक टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा था कि देश के युवाओं या जेनरेशन जेड को इस तरह संबोधित करना गलत है। उन्होंने इसे बिगड़ी हुई सोच का नतीजा बताया था और कंगना की पार्टी से भी इस मामले में संज्ञान लेने की बात कही थी।
रामदेव की टिप्पणी के बाद कंगना ने सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया। उन्होंने अपने जवाब में रामदेव के पुराने विवादों का उल्लेख करते हुए निजी और चरित्र संबंधी टिप्पणी पर नाराजगी जताई। दोनों के बीच हुई यह जुबानी जंग अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।






