वाराणसी
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने वाराणसी के कोनिया स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय को लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय करीब तीन वर्षों से जमीन पर बंद पड़ा है, जबकि सरकारी यू-डायस (U-DISE) पोर्टल पर इसे अब भी ‘ऑपरेशनल’ यानी संचालित दिखाया जा रहा है।
संजय सिंह ने कहा कि विद्यालय भवन जर्जर होने के कारण करीब तीन साल पहले मरम्मत के नाम पर बंद किया गया था, लेकिन अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे बड़ी संख्या में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और गरीब व दलित परिवारों के बच्चों को शिक्षा से वंचित होना पड़ रहा है।
आप नेता ने यह भी दावा किया कि पार्टी प्रवक्ता मुकेश सिंह ने विद्यालय की बदहाली का वीडियो बनाकर मामला सामने रखा तो प्रशासन ने पुलिस बल भेजकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि स्कूल की वास्तविक स्थिति सामने लाना और बच्चों की शिक्षा के लिए आवाज उठाना अपराध कैसे हो सकता है।
संजय सिंह ने प्रशासन के विद्यालय को दूसरे स्थान पर ‘शिफ्ट’ किए जाने के दावे पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच और स्कूल को जल्द शुरू कराने की मांग की।







