Home / राजनीत / मायावती ने ईवीएम पर उठाए सवाल, चंद्रशेखर की जीत पर किया दावा

मायावती ने ईवीएम पर उठाए सवाल, चंद्रशेखर की जीत पर किया दावा

 

लखनऊ

बसपा प्रमुख मायावती ने सोमवार को नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की लोकसभा चुनाव में जीत को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि नगीना में चंद्रशेखर का कोई मजबूत जनाधार नहीं था और ईवीएम में धांधली के जरिए उन्हें चुनाव जिताया गया। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद ने नगीना सीट से 5,12,552 मत हासिल कर 1,51,473 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

मायावती ने कहा कि बसपा लंबे समय से ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे मतदाताओं के मन में मतदान की निष्पक्षता को लेकर कोई संदेह न रहे।

उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है। मतदाता को यह भरोसा होना जरूरी है कि उसका वोट उसी उम्मीदवार या राजनीतिक दल के पक्ष में दर्ज हुआ है, जिसे उसने मतदान किया है। मायावती के अनुसार, चुनाव व्यवस्था पर लगातार संदेह बना रहने से लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास प्रभावित हो सकता है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि देश में लंबे समय तक बैलेट पेपर के जरिए चुनाव होते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष में रहते भाजपा सहित कई दल ईवीएम की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। मायावती ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मतपत्र से मतदान कराने की मांग दोहराई।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल