Home / प्रशासनिक / सहारा इंडिया के पूर्व डायरेक्टर खालिद चौधरी गिरफ्तार, ग्वालियर पुलिस ने लखनऊ से पकड़ा

सहारा इंडिया के पूर्व डायरेक्टर खालिद चौधरी गिरफ्तार, ग्वालियर पुलिस ने लखनऊ से पकड़ा

 

लखनऊ

सहारा इंडिया परिवार के डायरेक्टर और स्टेशनरी विभाग के नेशनल हेड रह चुके खालिद चौधरी को मंगलवार शाम ग्वालियर पुलिस ने लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। ये मामले सहारा इंडिया में उनके कार्यकाल के दौरान कथित वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं से संबंधित बताए जा रहे हैं।

ग्वालियर पुलिस की टीम पिछले कई दिनों से लखनऊ में खालिद चौधरी की तलाश कर रही थी। पुलिस ने उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने के बाद कपूरथला स्थित सहारा इंडिया टावर के आसपास निगरानी बढ़ा दी थी। मंगलवार शाम करीब 5:15 बजे खालिद चौधरी कार्यालय से वैगनआर कार से बाहर निकले। इसी दौरान टावर के बाहर मौजूद ग्वालियर पुलिस की टीम ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

करीब 5:30 बजे पुलिस टीम उन्हें लेकर ग्वालियर के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि खालिद चौधरी इससे पहले भी एक मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। उस मामले में उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली थी।

खालिद चौधरी की गिरफ्तारी के बाद सहारा समूह से जुड़े मामलों में विभिन्न राज्यों की पुलिस की कार्रवाई फिर चर्चा में है। वहीं, लखनऊ में दर्ज शिकायतों और मुकदमों में कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि नामजद मुकदमे दर्ज होने के बावजूद आरोपितों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल