बांदा
जिले में स्मार्ट मीटर को लेकर एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला, जब अपनी ही शादी के दिन दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर जाने के बजाय जिला अधिकारी (डीएम) कार्यालय पहुंच गया।
दरअसल, मटौंध थाना क्षेत्र के उजरेहटा गांव में एक युवक की सोमवार को शादी थी। घर में बारात की तैयारियां चल रही थीं और मेहमानों का आना-जाना लगा हुआ था। इसी बीच अचानक स्मार्ट मीटर के चलते बिजली कट गई, जिससे पूरे घर में अंधेरा छा गया।
इस घटना से नाराज दूल्हा बैंड-बाजे और बारातियों के साथ डीएम ऑफिस पहुंच गया। वहां उसने जमकर नारेबाजी की और बिजली बहाल करने की मांग की। दूल्हे का कहना था कि शादी जैसे महत्वपूर्ण मौके पर बिजली का कटना बेहद परेशानी भरा है।
दूल्हे ने मांग की कि पुराने मीटर को फिर से लगाया जाए और प्रीपेड स्मार्ट मीटर हटाया जाए। उसका कहना था कि स्मार्ट मीटर की वजह से बिजली के बिल अत्यधिक आ रहे हैं, जिससे आम लोगों को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। मीडिया से बातचीत में दूल्हे ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के अधिकारी स्मार्ट मीटर लगाने के बाद उपभोक्ताओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि “नौजवान क्या कमाएगा और क्या बिजली का बिल भरेगा?” इस विरोध प्रदर्शन में बुंदेलखंड इंसाफ सेना के कार्यकर्ता भी शामिल रहे। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए.एस. नोमानी ने योगी आदित्यनाथ से मांग की कि प्रदेश में पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं, क्योंकि स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और उपभोक्ता बढ़ते बिल और तकनीकी समस्याओं से परेशान नजर आ रहे हैं




