नयी दिल्ली
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हिंद महासागर क्षेत्र में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी सेना ने एक ईरानी तेल टैंकर को जब्त कर लिया है, जिससे दोनों देशों के बीच चल रही तनातनी और गहरी हो गई है। यह कार्रवाई बंगाल की खाड़ी में की गई, जहां कथित तौर पर यह जहाज ईरानी कच्चा तेल ले जा रहा था।
पेंटागन के अनुसार, यह कदम समुद्री सुरक्षा और प्रतिबंधों के पालन के तहत उठाया गया। अमेरिका का दावा है कि यह टैंकर प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए तेल की तस्करी में शामिल था। वहीं, ईरान लंबे समय से इन आरोपों को खारिज करता रहा है और अमेरिकी कार्रवाइयों को उकसावे की नीति बताता है।
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हाल ही में सीजफायर बढ़ाने की घोषणा के बावजूद क्षेत्र में तनाव कम होता नहीं दिख रहा। इससे पहले भी अमेरिकी नौसेना एक अन्य ईरानी जहाज को निशाना बना चुकी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं वैश्विक तेल आपूर्ति और क्षेत्रीय सुरक्षा पर असर डाल सकती हैं। आने वाले दिनों में अमेरिका यह तय करेगा कि जब्त किए गए टैंकर के साथ क्या कार्रवाई की जाए।




