मिर्जापुर
ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बड़का घुमान मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 9 लोग जिंदा जल गए।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश की ओर से आ रहे एक ट्रेलर के पीछे स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो कार चल रही थीं। तभी पीछे से आ रहे चना लदे एक अन्य ट्रक ने दोनों कारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसीं और तुरंत आग की चपेट में आ गईं। बोलेरो पूरी तरह जलकर खाक हो गई।Σ
बोलेरो में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल थे। वहीं स्विफ्ट डिजायर में केवल ड्राइवर था। सभी की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसे में ट्रक के खलासी की भी मौत हो गई, जबकि ड्राइवर की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के रहने वाले थे। वे मध्य प्रदेश के मैहर से मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे थे। स्विफ्ट डिजायर में सवार व्यक्ति सोनभद्र का निवासी था। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और डीएम पवन कुमार गंगवार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।





