लखनऊ
उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार को प्रदेश के 25 जिलों में आंधी और बारिश हुई, जिससे कई जगह जनजीवन प्रभावित हुआ। आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से जुड़े हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई।
वाराणसी में तेज आंधी से कई होर्डिंग्स उड़ गईं, जबकि प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज परिसर और हाथरस कोतवाली सदर में जलभराव हो गया। कानपुर, हरदोई, जौनपुर, गाजीपुर, बस्ती और बलिया समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। उन्नाव और गाजीपुर में बिजली गिरने से दो किसानों की मौत हो गई। वहीं कासगंज में मकान का लेंटर गिरने से पति-पत्नी और उनकी बेटी की जान चली गई।
मौसम विभाग के अनुसार, श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर में सबसे अधिक 6.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।






