लक्ष्मीपुर/महराजगंज
पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैसिया ललाइन के पास हुए सड़क हादसे में घायल लक्ष्मीपुर कस्बा निवासी मुस्तफा (45) की सोमवार को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गत शुक्रवार को मुस्तफा और राहुल रौनियार मोहनापुर से सब्जी खरीदकर टैम्पो से लक्ष्मीपुर लौट रहे थे। पैसिया ललाइन के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राला ने उनके टैम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मुस्तफा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया।
कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद सोमवार को मुस्तफा ने दम तोड़ दिया। वहीं राहुल रौनियार का उपचार के बाद घर भेज दिया गया था।
चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्राला को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की है।






