नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) में बड़ी राजनीतिक हलचल सामने आई है। पार्टी अब जनता दल के रास्ते पर चल पड़ी है। पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने दावा किया है कि वे और उनके साथ छह अन्य सांसद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए चड्ढा ने कहा कि राज्यसभा में आप के कुल 10 सांसदों में से दो-तिहाई सदस्य अब उनके साथ हैं और उन्होंने संवैधानिक प्रावधानों के तहत भाजपा में विलय का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राज्यसभा सचिवालय को भी औपचारिक सूचना दे दी गई है।
चड्ढा के अनुसार, इस समूह में हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी समेत अन्य सांसद शामिल हैं। उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से राघव चड्ढा को लेकर इस तरह की अटकलें मीडिया में चल रही थीं, लेकिन अब उनके इस दावे ने राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।
हालांकि, इस घटनाक्रम पर अरविंद केजरीवाल या पार्टी नेतृत्व की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।





