Home / प्रशासनिक / जिलाधिकारी के निर्देश पर निर्माण एजेंसी पर एफआईआर, तीन बच्चों की मौत मामले में जांच के आदेश

जिलाधिकारी के निर्देश पर निर्माण एजेंसी पर एफआईआर, तीन बच्चों की मौत मामले में जांच के आदेश

 

महराजगंज

कोठीभार थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-25 स्थित मीराबाई नगर के पोखरा टोला में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्यदायी संस्था दीपक कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराने और पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।

रविवार को पोखरा टोला निवासी राजबीर (13), नीतीश यादव (14), रोहन (13) और कृष्णा रौनियार (15) निर्माणाधीन पोखरे में स्नान करने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में डूब गए। राजबीर ने घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हादसे में सुरक्षित बचे राजबीर से मुलाकात कर उसका हाल जाना और अस्पताल प्रशासन को उसकी काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मृतक बच्चों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर सम्मानपूर्वक शव परिजनों को सौंपने के भी निर्देश दिए।

बाद में दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पोखरे पर सुरक्षा इंतजाम न होने को गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने के आदेश भी दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

जिलाधिकारी ने मृतक बच्चों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और प्रत्येक परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वर्षा ऋतु में बच्चों को निर्माणाधीन पोखरों और गहरे जलाशयों के पास बिना निगरानी के न जाने दें।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल