लखनऊ
राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी। जिलों में जिला स्तर पर मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद सूची को अंतिम रूप दिया गया है। इस बार मतदाताओं को नौ अंकों का नया स्टेट वोटर नंबर भी दिया गया है, जिससे पहचान और चुनावी प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी।
आयोग ने 23 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची जारी की थी, जिसमें 12.69 करोड़ मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान लगभग 1.41 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जबकि 40.19 लाख नए मतदाताओं को जोड़ा गया। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची का प्रकाशन जिलाधिकारियों के माध्यम से किया गया है और अब राज्य निर्वाचन आयोग जिलों से प्राप्त आंकड़ों का संकलन करेगा।
अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद पंचायत चुनाव की अधिसूचना और चुनाव कार्यक्रम को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना है। हाल ही में हाईकोर्ट ने पंचायत चुनाव में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए आयोग से चुनाव की संभावित तिथि पूछी थी। आयोग को अंतिम मतदाता सूची तैयार करने में कुल 169 दिन लगे। हालांकि, सूची जारी होने के बाद तकनीकी कारणों से इसे डाउनलोड करने में कुछ दिक्कतें सामने आई हैं, जिनके समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।





