सुलतानपुर
कादीपुर थाना क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष और प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह के शव उनके पैतृक आवास में खून से लथपथ मिले। दोनों की गला काटकर हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
मुकेश सिंह मोतिगरपुर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष थे और वर्तमान में कंपोजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वह लंबे समय से शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय थे और शिक्षक संघ का नेतृत्व कर रहे थे।
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोहरी हत्या की खबर से शिक्षकों और ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे आपसी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।





