सहारनपुर
उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और तेज बारिश ने शुक्रवार तड़के भारी तबाही मचाई। सहारनपुर जिले में पहाड़ी क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक तेज बहाव के साथ पानी नीचे आ गया, जिसकी चपेट में आकर इनोवा, ट्रैक्टर समेत करीब 10 वाहन बह गए। कई बाइकें मलबे में दब गईं। हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।
बताया जा रहा है कि रातभर हुई तेज बारिश के बाद पहाड़ियों से पानी का सैलाब नीचे आया। अचानक आए तेज बहाव से सड़क किनारे खड़े वाहन देखते ही देखते पानी में बहने लगे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान पर्यटकों के रूप में हुई है। कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। सहारनपुर समेत पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी और नदी किनारे के क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।



