महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
वनग्राम काधपुर दर्रा स्थित रोहिन नदी में नहाने के दौरान डूबे 17 वर्षीय किशोर का शव दूसरे दिन शुक्रवार को पुलिस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
परसामलिक थाना क्षेत्र के सिसहनिया उर्फ शीशमहल निवासी तरुण अग्रहरी (17) पुत्र हरिश्चंद्र अग्रहरी गुरुवार को अपने दोस्तों के साथ पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ी काधपुर दर्रा स्थित रोहिन नदी के किनारे घूमने गया था। सभी युवक नदी में नहाने के लिए उतरे, तभी तरुण अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गया।सूचना मिलते ही पुरंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ व ग्रामीणों की मदद से देर शाम तक तलाश अभियान चलाया,लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। पुलिस और एनडीआरएफ ने संयुक्त रूप से कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद सायंकाल नदी से किशोर का शव बरामद कर लिया।शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुरंदरपुर थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







