Home / राजनीत / राम मंदिर चढ़ावा मुद्दे पर विधान परिषद में हंगामा, सपा के ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे  

राम मंदिर चढ़ावा मुद्दे पर विधान परिषद में हंगामा, सपा के ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे  

 

लखनऊ

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विधानसभा और विधान परिषद दोनों में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विधान परिषद में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य द्वारा समाजवादी पार्टी पर की गई टिप्पणी के बाद सपा सदस्य वेल में पहुंच गए और “चंदा चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाए।

केशव मौर्य ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, “सूप बोले तो बोले, छलनी भी बोले, जिसमें बहत्तर छेद।” उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के लोग बाबर से रिश्तेदारी जोड़ते थे और 1990 में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। इस टिप्पणी पर सपा सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया और सदन में नारेबाजी शुरू कर दी।

इससे पहले विधानसभा परिसर में सपा और कांग्रेस के विधायकों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी और नीट पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायक दानपेटी में चिल्लर भरकर पहुंचे और “नीट है या चीट है” तथा “राम के नाम पर लूट है” जैसे पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आरंभ ही प्रचंड है।”

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने किसानों के हितों और रामभक्तों के साथ अन्याय किया, वही आज किसानों और राम मंदिर की बात कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष के दोहरे चरित्र पर सवाल उठाए।

विधानसभा में सबसे पहले वरिष्ठ सपा विधायक आलमबदी के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय समेत सभी दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

चार दिवसीय मानसून सत्र 6 अगस्त तक चलेगा। मंगलवार को प्रश्नकाल के बाद संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश करेंगे। साथ ही नौ अध्यादेशों और संभल दंगों की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट भी सदन में पेश किए जाने की संभावना है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल