Home / राज्य / एक दुल्हन के लिए पहुंची दो बरातें, अमरोहा में शादी बनी चर्चा का विषय

एक दुल्हन के लिए पहुंची दो बरातें, अमरोहा में शादी बनी चर्चा का विषय

अमरोहा

शहर में रविवार को एक अनोखा मामला सामने आया, जब एक ही दुल्हन के लिए दो अलग-अलग बरातें बैंक्वेट हॉल पहुंच गईं। अचानक बनी इस स्थिति से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। बाद में दुल्हन ने अपनी इच्छा से संभल से आए दूल्हे के साथ निकाह किया।

पहले तय था मुरादाबाद से रिश्ता

बताया गया कि शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी का रिश्ता पहले मुरादाबाद निवासी युवक से तय किया था। दोनों पक्षों में सगाई हो चुकी थी और 12 अप्रैल को शादी की तारीख भी निर्धारित थी। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। हालांकि तब तक शादी के कार्ड छप चुके थे और रिश्तेदारों को निमंत्रण भी भेजा जा चुका था।

जल्दबाजी में संभल से तय हुआ नया रिश्ता

परिजनों ने मान-सम्मान को देखते हुए जल्दबाजी में बेटी का रिश्ता संभल निवासी दूसरे युवक से तय कर दिया। विवाह की तारीख में कोई बदलाव नहीं किया गया और उसी दिन शादी की तैयारी शुरू कर दी गई।

आमने-सामने आ गईं दो बरातें

रविवार दोपहर कैलसा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में संभल से आई बरात पहुंची और निकाह की तैयारी शुरू हो गई। इसी दौरान मुरादाबाद से पहले तय दूल्हा भी बरात लेकर मौके पर पहुंच गया। एक ही दुल्हन के लिए दो बरातें पहुंचने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने दुल्हन की राय जानकर कराया निकाह 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुल्हन से उसकी इच्छा पूछी, जिस पर उसने परिजनों की सहमति से संभल से आए दूल्हे के साथ निकाह करने की बात कही। इसके बाद निकाह की रस्म पूरी कराई गई। वहीं, मुरादाबाद से आए दूल्हे को पुलिस अपने साथ कोतवाली ले गई, जहां उसे शाम तक बैठाए रखा गया।

निकाह के बाद संभल की बरात दुल्हन को लेकर रवाना हो गई। देर शाम स्थिति सामान्य होने पर पुलिस ने मुरादाबाद से आए दूल्हे को भी वापस भेज दिया। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, लेकिन यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल