नई दिल्ली
देशभर में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रविवार, 7 जून से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब एलपीजी के दाम बढ़ाए गए हैं।
तेल कंपनियों ने इससे पहले 7 मार्च को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की थी। बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती कीमतों के कारण ईंधन कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया।
इस बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार देश में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसके तहत घरेलू उत्पादन बढ़ाने और आवश्यक आयात सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर लागत और बिक्री मूल्य के बीच का अंतर यानी ‘अंडर-रिकवरी’ अभी भी लगभग 700 रुपये प्रति सिलेंडर है। शर्मा के अनुसार, हाल के महीनों में एलपीजी की मांग में कमी कमर्शियल और औद्योगिक खपत घटने, बेहतर बुकिंग प्रबंधन और डिलीवरी ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू होने के कारण दर्ज की गई है।





