महराजगंज
सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत कटहरा में जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण स्थिति और खराब हो गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जलनिकासी की व्यवस्था कराने के साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार शिवपुर, कटहरा चौराहा और चोरघटिया (आनंदनगर) की मुख्य सड़कों पर लंबे समय से पानी जमा है। वहीं रामनगर, आजाद नगर, समय स्थान और उसरहवा वन टांगिया टोला की सड़कें जगह-जगह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। जलभराव और कीचड़ के बीच आवागमन करना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सावन में प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन मार्गों से आते-जाते हैं। ऐसे में सड़क पर पानी और गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीण मिथिलेश सिंह, रवींद्र जैन, समीर अंसारी, नरेंद्र गौंड, रामहरख, सिकंदर, रामबचन साहनी, मेवालाल, जीतन और मनोज गौतम ने डीएम से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।






