लखनऊ
अपहरण और लूट की एक गंभीर वारदात सामने आई है। आरोप है कि एक CRPF सिपाही और लखनऊ पुलिस के एक सिपाही समेत कई लोगों ने दो व्यक्तियों का अपहरण कर उनसे 5 लाख रुपये लूट लिए। मामले में चिनहट थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार वृंदावन कॉलोनी निवासी दिवाकर सिंह और उनके साथी अनूप शुक्ला को कंपनी में निवेश कराने के नाम पर 10 जून को चिनहट स्थित ग्लोबल इन होटल के पास बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने पर कुछ लोगों ने उन्हें सरकारी वाहन में जबरन बैठा लिया और अपने कब्जे में लेकर ले गए।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने असलहे के बल पर उनसे 5 लाख रुपये लूट लिए। इस दौरान उनकी पिटाई भी की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। वारदात को अंजाम देने में पुलिस की गाड़ी के इस्तेमाल की भी बात सामने आई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
पीड़ितों की शिकायत पर चिनहट थाने में दो नामजद तथा चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और डकैती समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




